बोकारो
झारखंड में सियासी सरगर्मी के बीच AJSU पार्टी को गोमिया विधानसभा क्षेत्र में बड़ा झटका लगा है.शनिवार 26 सितंबर 2026 को TTPS श्यामली अतिथिगृह में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान बोकारो के गोमिया 
प्रखंड के अंबेडकर समाज के सैकड़ों लोगों ने आजसू पार्टी छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का दामन थाम लिया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के माननीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने झामुमो का झंडा थामने वाले सभी सदस्यों को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर औपचारिक रूप से संगठन में स्वागत किया.
सदस्यता ग्रहण समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और जमीनी विकास कार्यों का ही नतीजा है कि लोग लगातार झामुमो की विचारधारा से जुड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि लोगों का झामुमो के प्रति यह बढ़ता जुड़ाव संगठन के विस्तार और जनविश्वास की मजबूती का प्रत्यक्ष प्रमाण है. सभी नवसदस्य पार्टी की नीतियों के अनुरूप जनहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन को धरातल पर और अधिक सशक्त बनाएं
