बेंगलोर: बेंगलोर के जयनगर स्थित एनएमकेआरवी (NMKRV) कॉलेज के मंगला मंडप ऑडिटोरियम में ‘हरिवंश’ द्वारा आयोजित “भज मन” कार्यक्रम में शनिवार की शाम भक्ति और संगीत के अद्भुत संगम की साक्षी बनी। मशहूर भजन गायक डॉ. विद्याभूषण और शास्त्रीय भजन गायिका मेधा विद्याभूषण की सुरीली प्रस्तुतियों ने पूरे हॉल में ऐसा समां बांधा कि दर्शक भक्ति रस में गोते लगाने लगे।
भारतीय संगीत परंपरा और भक्ति भावना से सजी इस शाम में दोनों कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों की प्रस्तुतियां दीं। डॉ. विद्याभूषण की गंभीर और भावपूर्ण आवाज ने जहां श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं मेधा विद्याभूषण ने अपनी सुरीली और सहज शैली से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कलाकारों ने कन्नड़, मराठी और हिंदी भाषाओं में भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के दौरान हरिवंश ग्रुप की निदेशक ऋचा खंडेलवाल भट्ट ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने आज के दौर में ‘भक्ति संगीत’ की जरूरत और इसकी प्रासंगिकता पर विशेष जोर दिया।
” ‘भज मन’ की परिकल्पना ही भक्ति संगीत की इस अमर परंपरा को आज की युवा पीढ़ी और समाज के करीब लाने के उद्देश्य से की गई है। हमारा लक्ष्य संगीत, भक्ति और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाकर समाज में भक्ति संगीत के गौरव को फिर से स्थापित करना है।” — ऋचा खंडेलवाल भट्ट, निदेशक, हरिवंश ग्रुप
संगीत प्रेमियों और श्रद्धालुओं से खचाखच भरा ऑडिटोरियम कलाकारों की हर प्रस्तुति पर तालियों से गूंज उठा। शास्त्रीय संगीत के मेल और भक्ति से सराबोर इस माहौल ने इस आयोजन को एक साधारण कॉन्सर्ट से अलग एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बना दिया।
गौर हो कि भक्ति संगीत के क्षेत्र में ‘भज मन’ एक प्रतिष्ठित नाम बन चुका है। इससे पहले भी यह मंच बेंगलोर और दिल्ली जैसे शहरों में ‘भजन सम्राट’ पद्मश्री अनूप जलोटा, पंडित अनुज मिश्रा, सूर्यगायत्री और शिवश्री तेजस्वी सूर्या जैसे नामचीन भजन एवं शास्त्रीय नृत्य कलाकारों के साथ सफल आयोजन कर चुका है।
वर्कशॉप के प्रतिभागियों को मिला मंच
इस मुख्य कार्यक्रम से पहले हरिवंश ग्रुप, परम कल्चर और युवक संघ के सौजन्य से दो दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया था। इसमें 75 उत्साही प्रतिभागियों ने डॉ. विद्याभूषण और मेधा विद्याभूषण से सीधे भक्ति संगीत के गुर सीखे। वर्कशॉप में प्रशिक्षित इन सभी प्रतिभागियों ने ‘भज मन’ कार्यक्रम के मंच पर एक साथ दो बेहद मधुर भजन पेश कर सभी का ध्यान खींचा।
इस भव्य कार्यक्रम को हरिवंश ग्रुप द्वारा प्रस्तुत किया गया था, जबकि इसका आयोजन केशव प्रोडक्शंस, परम फाउंडेशन, नारायणा्स आर्टनिर्भर भारत और संस्कार भारती के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
इस सफल आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बेंगलोर में भक्ति और शास्त्रीय संगीत के चाहने वालों की कोई कमी नहीं है और पीढ़ी-दर-पीढ़ी भारत की यह महान संगीत परंपरा आज भी उतनी ही जीवंत है।
